हमीरपुर,अरविंद- हमीरपुर शहर से सुजानपुर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर अणु के समीप प्रधानमंत्री से संबंधित एक सरकारी योजना के प्रचार के लिए लगाए गए पोस्टर के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात शरारती तत्वों ने पोस्टर पर लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को विकृत कर दिया और उसके ऊपर आपत्तिजनक नारे लिख दिए।घटना की जानकारी सामने आने के बाद शहरी भाजपा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। भाजपा नेताओं का कहना है कि राजनीतिक विचारों में मतभेद होना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी सार्वजनिक पोस्टर पर इस तरह की हरकत करना और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
शहरी भाजपा महामंत्री तेन सिंह ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के चित्र के साथ छेड़छाड़ करना गंभीर विषय है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर हमीरपुर सदर थाना में शिकायत दी जाएगी। भाजपा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पोस्टर को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान के लिए जांच तेज की जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
तेन सिंह के अनुसार, जिस स्थान पर यह पोस्टर लगाया गया है, वह हमीरपुर उपायुक्त के निवास से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। उन्होंने घटना को लेकर पुलिस की निगरानी और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जिले में चोरी की घटनाओं की सूचनाएं भी सामने आ रही हैं, ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होने से इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
