मंडी,धर्मवीर-:पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू के उस बयान पर तंज कसा है जिसमें सीएम ने एक बार फिर प्रदेश में आईएएस,आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों की संख्या में कटौती करने की बात कही है।जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार गजब की है जो यूपीएससी से क्वालिफाई नए अधिकारियों को लेने से इनकार कर रही है जबकि भ्रष्ट अधिकारियों को एक्सटेंशन पर एक्सटेंशन दिए जा रही है।
जयराम ठाकुर ने एक पूर्व आईएएस अधिकारी की तरफ ईशारा करते हुए कहा कि यह अधिकारी सीएम को इतने प्रिय है कि जब विपक्ष में थे तो उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते थे और आज उन्हें बार-बार एक्सटेंशन दिए जा रहे हैं।खुद सरकार का कार्यकाल एक वर्ष का बचा है जबकि इस अधिकारी को एक्सटेंशन दो वर्षों की दे दी गई है।अधिकारियों से तौबा करने वाले सीएम ने खुद चेयरमैन और वायस चेयरमैन की कैबिनेट रैंक के साथ फौज खड़ी कर रखी है।सीपीएस की गैरकानूनी ढंग से नियुक्तियां करके प्रदेश के पैसों का दुरूपयोग किया। यह खर्चे सीएम को नजर नहीं आते जबकि अधिकारियों के ही खर्चे नजर आ रहे हैं।जयराम ठाकुर ने कहा कि सीएम सुक्खू ने चेयरमैन और वायस चेयरमैन के पदों पर भी किसी कांग्रेसी को नहीं बैठाया है बल्कि वहां पर अपने मित्रों की फौज खड़ी कर रखी है।आज भी इन नियुक्तियों का दौर लगातार जारी है।लगातार मंत्रीमंडल के विस्तार की बातें सरकार द्वारा कही जा रही हैं लेकिन फिर भी मंत्री नहीं बना पा रहे हैं। सीएम खुद अपना उपहास बना रहे हैं और प्रदेश का सत्यानाश करके रख दिया है। इतना नुकसान प्रदेश को आपदा से नहीं हुआ जितना सीएम की नीतियों से हो रहा है।
