अंबाला-:अंबाला रेल मंडल यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार नए कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में अंबाला रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए रेलवे की ओर से ऑक्शन प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। खास बात यह होगी कि यात्री एक वास्तविक रेल कोच के अंदर बैठकर भोजन का आनंद ले सकेंगे।मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन पर ही उनकी जरूरत के मुताबिक अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इसी के तहत विभिन्न स्टेशनों पर नए कैटरिंग स्टॉल, फूड वैन और रेल कोच रेस्टोरेंट शुरू किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई और नई व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर खाने-पीने,पेयजल,बैठने,मनोरंजन और ठहरने जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी काम किया जा रहा है।यात्रियों के आराम के लिए स्लीपिंग पॉड और नैप पॉड की सुविधा भी विकसित की जा रही है।सहारनपुर में यह सुविधा पहले से संचालित है,जबकि कालका और अंबाला में भी इसे शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।वहीं,रेल कोच रेस्टोरेंट में कार्यरत कर्मचारी ने बताया कि यह सुविधा यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।रेस्टोरेंट पूरी तरह एसी होगा और यात्रियों की सहायता के लिए कर्मचारी हर समय मौजूद रहेंगे। यहां एक समय में करीब 60 से 70 लोग बैठकर भोजन कर सकेंगे।रेलवे का मानना है कि इन सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करते समय बेहतर खान-पान और आराम की सुविधा मिल सकेगी।
