शिमला,संजू-:हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं।प्रदेश कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता कर पार्टी की आगामी रणनीति,संगठनात्मक गतिविधियों और आंतरिक अनुशासन को लेकर स्थिति स्पष्ट की। इस दौरान उन्होंने पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी करने वाले नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए। साथ ही भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए विपक्षी दल पर भी तीखा हमला बोला।
जिंटा ने बताया कि ठियोग से विधायक,वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में कांग्रेस नेता केहर सिंह खाची को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।जिंटा ने कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोच्च है और किसी भी नेता द्वारा पार्टी की निर्धारित लाइन से हटकर बयान देने पर संगठनात्मक स्तर पर कार्रवाई की जा सकती है।यदि तय समय के भीतर जवाब नहीं दिया गया,तो खाची के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
एक अन्य कथित बयान के संबंध में पूछे गए सवाल पर जिंटा ने कहा कि फिलहाल उनके संज्ञान में ऐसी कोई जानकारी नहीं है। हालांकि,यदि ऐसा कोई मामला सामने आता है तो पार्टी स्तर पर उसकी भी जांच की जाएगी।वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अभी से जमीनी स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों समेत अन्य पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मौजूदा गतिविधियों, ब्लॉक कमेटियों को सौंपे गए लक्ष्यों और उनकी प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही जनता के बीच पार्टी की सक्रियता और संगठन की स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई।
भाजपा से जिंटा का सवाल—अपने नेताओं के मामलों पर चुप क्यों?
भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक बदले की भावना से मुकदमे दर्ज करने के आरोपों को जिंटा ने खारिज किया।उन्होंने कहा कि प्रदेश कानून और संविधान के अनुसार चलता है।पुलिस या विजिलेंस किसी व्यक्ति के खिलाफ बिना कारण कार्रवाई नहीं करती।यदि कानून का उल्लंघन होता है,संपत्तियों में अनियमितता सामने आती है या कोई ठोस शिकायत प्राप्त होती है,तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाती है।जिंटा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य निर्दोष लोगों को परेशान करना नहीं है।उन्होंने दावा किया कि सरकार निष्पक्ष तरीके से काम कर रही है और जो व्यक्ति गलत कार्य करेगा,उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होना स्वाभाविक है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए जिंटा ने आरोप लगाया कि विपक्ष कांग्रेस सरकार के खिलाफ लगातार भ्रामक प्रचार कर रहा है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि उसके अपने कई नेताओं और पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगने के बावजूद पार्टी उन मामलों पर सार्वजनिक रूप से जवाब क्यों नहीं देती। उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले अपने नेताओं से जुड़े मामलों पर भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।विनोद जिंटा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के हितों और अधिकारों की लड़ाई पूरी प्रतिबद्धता के साथ लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी जनहित को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुटी है।
