रायकोट | रायकोट विधानसभा क्षेत्र के सुधार सर्कल के गांव टूसे में रविवार को धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सरदार परमजीत सिंह टूसे की ओर से करवाया गया। कार्यक्रम के बाद सुधार सर्कल भाजपा की बैठक भी आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता सर्कल अध्यक्ष मनोज गोयल और उपाध्यक्ष बालकिशन गर्ग ने की।
बैठक में रायकोट विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी डॉ. डीपी खोसला विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज और भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, विचारों और समाज के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियों ने समानता, सामाजिक न्याय और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डॉ. खोसला ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 25 अगस्त को लुधियाना में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष पहुंचेंगे। उन्होंने सुधार सर्कल के कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
इस अवसर पर डॉ. डीपी खोसला ने धार्मिक स्थल पर गुंबद भी चढ़ाया। धार्मिक स्थल की प्रबंधक कमेटी की ओर से उन्हें दोशाला भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में परमजीत सिंह टूसे, भाजपा नेता लखविंदर सिंह सप्पल, अध्यक्ष मनोज गोयल, उपाध्यक्ष बालकिशन गर्ग, गुलशन बहल, प्रधान मेवा सिंह टूसा, नाजर सिंह, कुलदीप सिंह, संदीप सिंह, कुलविंदर सिंह, भजन अकालगढ़, जगतार सिंह केले और जसपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
