शिमला,संजू-:हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को लेकर सदन में एक बार फिर हंगामा हुआ। तीन दिनों से जारी विवाद के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में व्यवस्था देते हुए स्पष्ट किया कि विधानसभा सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान से होगी,जबकि समापन राष्ट्रगीत के साथ किया जाएगा।इसी दौरान विपक्ष ने सत्र के पहले दिन राष्ट्रगान के कथित अपमान को लेकर सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और सदन की कार्यवाही की वीडियो फुटेज उपलब्ध करवाने की मांग की।
विपक्ष का आरोप है कि सत्ता पक्ष के नेता भाजपा विधायकों पर राष्ट्रगान के अपमान का झूठा आरोप लगा रहे हैं।विपक्ष ने विधानसभा सचिव को पत्र भेजकर भी पहले दिन की वीडियो फुटेज उपलब्ध करवाने की मांग की थी।हालांकि,फुटेज उपलब्ध नहीं कराए जाने से नाराज विपक्षी सदस्य सदन में नारेबाजी करने लगे और बाद में वॉकआउट कर सदन से बाहर आ गए।सदन के बाहर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष ने पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने के लिए वीडियो फुटेज मांगी थी, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने फुटेज देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा विधायकों ने राष्ट्रगान का अपमान किया है तो वीडियो फुटेज सामने आनी चाहिए। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि फुटेज सार्वजनिक नहीं किए जाने से स्पष्ट है कि भाजपा विधायकों ने राष्ट्रगान का अपमान नहीं किया।जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विपक्ष पर झूठे आरोप लगा रहे हैं और विधानसभा अध्यक्ष सरकार के आरोपों को संरक्षण दे रहे हैं।
वहीं,वंदे मातरम के मुद्दे पर जयराम ठाकुर ने कहा कि कोई भी विधानसभा देश की संसद द्वारा बनाए गए कानून से ऊपर नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम को लेकर विपक्ष ने जो व्यवस्था मांगी है,उसे विधानसभा में स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा विवाद अब हिमाचल सरकार और विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ जाता दिखाई दे रहा है.सदन में राष्ट्रगान,राष्ट्रगीत और वंदे मातरम को लेकर जारी विवाद के बीच मानसून सत्र का माहौल लगातार गरमाता जा रहा है।
