अम्बाला-:हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार राजेश नागर ने सोमवार को डिपो होल्डरों के साथ समीक्षा बैठक कर राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। बैठक में मंत्री ने पात्र लाभार्थियों को समय पर और पूरा राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि प्रत्येक पात्र राशन कार्ड धारक को उसकी यूनिट के अनुसार पूरा राशन मिलना सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी लाभार्थी का राशन किसी कारणवश बकाया रह जाता है, तो उसकी स्पष्ट एंट्री बिल पर दर्ज की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बकाया राशन दो से तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराया जाए। ऐसा नहीं होने पर लाभार्थी संबंधित विभागीय कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकता है।राजेश नागर ने राशन कार्ड धारकों से अपील की कि पूरा राशन मिलने के बाद ही रसीद पर हस्ताक्षर करें। उन्होंने कहा कि पारदर्शी राशन वितरण सरकार की प्राथमिकता है और हर पात्र व्यक्ति को उसका पूरा अधिकार मिलना चाहिए।मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार डिपो होल्डरों तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था निशुल्क करती है। यदि कोई ट्रांसपोर्टर राशन पहुंचाने के एवज में पैसे की मांग करता है, तो इसकी तत्काल विभाग को शिकायत की जाए। उन्होंने डिपो होल्डरों को व्यवस्था सुचारू रखने और लाभार्थियों की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
