हरियाणा-:हरियाणा सरकार ने मुंबई में ‘हैपनिंग हरियाणा 2.0’ के तहत अंतरराष्ट्रीय आउटरीच और ग्लोबल कैपिटल कैंपेन की शुरुआत की।23 से 25 अगस्त तक चलने वाले इस तीन दिवसीय इन्वेस्टर समिट में 66 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू होने की संभावना है।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुंबई में बसे हरियाणवियों से संवाद करते हुए उन्हें प्रदेश के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुंबई में हरियाणवी प्रवासी परिवारों के साथ आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह के साथ बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा और अभिनेत्री मेघना मलिक भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में बसे हरियाणवी केवल प्रवासी नहीं, बल्कि हरियाणा की विस्तारित शक्ति और प्रदेश की सकारात्मक पहचान के प्रतिनिधि हैं।उन्होंने कहा कि हरियाणा और मुंबई का रिश्ता जन्मभूमि और कर्मभूमि से आगे बढ़कर मेहनत,अवसर और विकास का रिश्ता है।मुंबई में बसे हरियाणवी दोनों राज्यों के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अब कृषि के साथ-साथ उद्योग, सेवाओं,तकनीक, स्टार्टअप,लॉजिस्टिक्स,खेल, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य गांवों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।किसानों को आधुनिक तकनीक,प्रोसेसिंग,ब्रांडिंग और निर्यात से जोड़ने के साथ एमएसएमई को बड़ी सप्लाई चेन का हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रवासी हरियाणवियों से कहा कि उनका अनुभव, विशेषज्ञता और व्यावसायिक नेटवर्क प्रदेश के युवाओं और उद्यमियों के लिए बड़ी ताकत बन सकता है।उन्होंने कहा कि सरकार प्रवासी समाज से सिर्फ निवेश नहीं, बल्कि विचार, मार्गदर्शन और सक्रिय भागीदारी चाहती है।
मुख्यमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस,फिनटेक,मीडिया एवं मनोरंजन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी,स्वच्छ ऊर्जा, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों में मुंबई के अनुभव को हरियाणा के लिए उपयोगी बताया।उन्होंने मुंबई में रह रहे हरियाणवी युवाओं को प्रदेश के विद्यार्थियों, स्टार्टअप और संस्थाओं से जोड़ने के लिए मजबूत नेटवर्क तैयार करने की बात कही।साथ ही,उन्होंने हरियाणवी समाज से भाषा, संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा से बाहर रह रहे नागरिक प्रदेश से दूर जरूर हैं,लेकिन सरकार और मातृभूमि से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।
