मंडी/धर्मवीर-:जिला स्तरीय ख्योड़ नालवाड़ मेले के समापन समारोह में पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मंदिरों और मेलों जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेले प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं और इनके संरक्षण की जिम्मेदारी समाज के हर वर्ग की है।उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उन्हें ख्योड़ नालवाड़ मेले में शामिल होने से रोकने के प्रयास किए जा रहे थे।उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को चाहिए कि वे मंदिरों और मेलों में राजनीति करने से परहेज करें। अग्निहोत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों को आपस में जोड़ना और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना होना चाहिए।
समापन समारोह में स्थानीय भाजपा विधायक विनोद कुमार की गैरमौजूदगी पर भी उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई।उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र के विधायक कार्यक्रम में मौजूद रहते तो उन्हें खुशी होती।उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों में सभी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी होनी चाहिए।समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री ने नाचन क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जल शक्ति विभाग को एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।उन्होंने बताया कि इस राशि से पाइप लाइन और नल लगाने,पानी के टैंक बनाने तथा फिल्टर बेड तैयार करने जैसे कार्य किए जाएंगे।इसके अलावा बासा पंचायत के विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई।अग्निहोत्री ने क्षेत्रवासियों को एम्स तक आने-जाने के लिए बस सुविधा उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।साथ ही गोहर और चैलचौक में बस स्टैंड निर्माण की बात भी कही।कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी एससी विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान, अनुसूचित जाति निगम के चेयरमैन लाल सिंह कौशल,जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर समेत प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
