शिमला/संजू-:कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने वेतन सीमा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। EPFO ने वेतन सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी है। नई सीमा 17 सितंबर 2026 से लागू हो गई है। हिमाचल के 96 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वेतन सीमा बढ़ने से अब अधिक संख्या में कर्मचारी सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आएंगे और उन्हें भविष्य निधि,पेंशन तथा बीमा जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त (प्रभारी पंजाब एवं हिमाचल प्रदेश) राजीव बिष्ट ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर कहा है कि हिमाचल प्रदेश में 8,664 अंशदायी प्रतिष्ठानों के कुल 3 लाख 36 हजार 759 सदस्य हैं। इनमें से 96,244 सदस्य वर्तमान में 15,000 रुपये मासिक वेतन सीमा पर अंशदान कर रहे हैं, जिन्हें नई सीमा बढ़ने से सीधा लाभ मिलेगा।राजीव बिष्ट ने नियोक्ताओं से पात्र कर्मचारियों का समय पर पंजीकरण और नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की और कर्मचारियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने को कहा।प्रेस वार्ता में विश्वास 2026 योजना, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, कर्मचारी नामांकन अभियान 2026 और एमनेस्टी 2026 जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
