शिमला,संजू-:शिमला के इंदिरा गांधी खेल परिसर में राज्य स्तरीय जुडो चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ।प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान मुख्य रूप से मौजूद रहे।इस दौरान उन्होंने खेलों को युवाओं को नशे से दूर रखने का महत्वपूर्ण जरिया बताया। वहीं एशियन गेम्स में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल की कबड्डी खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि का मामला भी चर्चा में रहा।खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि को लेकर उठ रहे सवालों पर नरेश चौहान ने कहा कि यह विषय उनके संज्ञान में है और वह जल्द ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष खिलाड़ियों की बात रखेंगे।
नरेश चौहान ने कहा कि हिमाचल की कबड्डी खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि से जुड़ा विषय उनके ध्यान में आया है।उन्होंने बताया कि कबड्डी टीम के अध्यक्ष राजकुमार नीटू ने भी इस मामले को मुख्यमंत्री के सामने उठाने का आग्रह किया है।इसके अलावा कबड्डी टीम की कप्तान और सिरमौर की खिलाड़ी पुष्पा राणा ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की इच्छा जताई है।नरेश चौहान के मुताबिक खिलाड़ियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि संभव है कि एक-दो दिन में खिलाड़ियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात हो जाए।इस दौरान खिलाड़ी अपनी मांग और पक्ष मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे।इसके बाद इस विषय पर मुख्यमंत्री अपने विवेक के अनुसार निर्णय लेंगे।उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल करना देश और प्रदेश के लिए गौरव की बात है।हिमाचल के खिलाड़ियों ने बीते कुछ वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।प्रदेश सरकार ने ओलंपिक,एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए पंजाब और हरियाणा की तर्ज पर प्रोत्साहन राशि निर्धारित की है।
नरेश चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में खेल कोटे के जरिए अवसर देने की व्यवस्था भी की गई है।उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की भूमिका को अहम बताया।उनके अनुसार खेल गतिविधियों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है।प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस मुहिम में युवा,विद्यार्थी, स्कूल-कॉलेज,एनजीओ और आम लोग भी सहयोग कर रहे हैं।
