शिमला/संजू-:लॉन्ग वीकेंड के चलते राजधानी शिमला एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो गई है।शनिवार को बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे,जिससे शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया।पर्यटकों की भारी आमद के बीच शहर के कई हिस्सों में लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। तारादेवी से शिमला तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करने में लोगों को एक घंटे तक का समय लग गया।
हरियाणा,पंजाब,चंडीगढ़ और दिल्ली समेत कई राज्यों से पर्यटक छुट्टियां मनाने शिमला पहुंचे हैं।सैलानियों की संख्या बढ़ने के साथ ही शहर की प्रमुख पार्किंग भी फुल हो गई हैं।पार्किंग नहीं मिलने के कारण पर्यटकों को अपने वाहन खड़े करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।जाम और पार्किंग की समस्या के चलते स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।हालांकि, पर्यटकों की बढ़ी आवाजाही से लंबे समय से सुस्त पड़े पर्यटन कारोबार को जरूर राहत मिली है।होटल,रेस्तरां, टैक्सी और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबार में गतिविधियां बढ़ी हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि लॉन्ग वीकेंड के दौरान पर्यटकों की अच्छी आवाजाही से कारोबार को गति मिलेगी।शिमला में बढ़ते ट्रैफिक को लेकर डीएसपी ट्रैफिक चंद्र शेखर ने बताया कि शहर में हर सप्ताह करीब 80 हजार से ज्यादा वाहनों की आवाजाही हो रही है। पिछले 24 घंटे में ही 17 हजार से अधिक वाहन शिमला पहुंचे हैं,जिनमें सात हजार से ज्यादा वाहन पर्यटकों के बताए जा रहे हैं। शनिवार देर रात तक वाहनों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
वहीं,शिमला पहुंचे पर्यटकों ने बताया कि मैदानों में गर्मी के बीच वे मौसम का आनंद लेने पहाड़ों पर पहुंचे हैं।पर्यटकों के मुताबिक शिमला का मौसम बेहद सुहावना है,लेकिन शहर में ट्रैफिक जाम ने सफर का मजा कुछ फीका कर दिया। कई पर्यटक लंबे समय तक जाम में फंसे रहे और शिमला पहुंचने के बाद पार्किंग की तलाश में भी परेशानी उठानी पड़ी।
