मंडी,धर्मवीर-:हिमाचल प्रदेश में बागवानों को राहत देने की दिशा में एक नई पहल की गई है।मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल के पलौहटा गांव में प्रदेश की पहली बागवानी मोनो रेल शुरू हो गई है।बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने 25 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया।इस सुविधा के शुरू होने से बागवानों को अपनी उपज खेतों से सड़क तक पहुंचाने में आसानी होगी और ढुलाई के लिए मजदूरों पर निर्भरता भी कम होगी।
पलौहटा में इस मोनो रेल का निर्माण पायलट प्रोजेक्ट के तहत किया गया है।इसके लिए 300 मीटर लंबा ट्रैक तैयार किया गया है।पलौहटा क्लस्टर करीब 28 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है,जहां जापानी फलों का उत्पादन किया जाता है।पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां से फसलों को सड़क तक पहुंचाना बागवानों के लिए चुनौतीपूर्ण रहता है।मोनो रेल के माध्यम से अब उपज को सुरक्षित तरीके से सड़क मार्ग तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।उद्घाटन के दौरान बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि जब वह पहले पलौहटा आए थे,तब उन्होंने यहां फसलों की ढुलाई में आने वाली परेशानियों को महसूस किया था।इसके बाद संबंधित अधिकारियों को मोनो रेल परियोजना पर काम करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि इस सुविधा से बागवानों का श्रम और समय बचेगा तथा कृषि-बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री ने बताया कि एचपी शिवा परियोजना के तहत निचले हिमाचल के सात जिलों में करीब 1100 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस परियोजना के अंतर्गत छह हजार हेक्टेयर भूमि पर कार्य किया जा रहा है,जिसमें मंडी जिला की एक हजार हेक्टेयर भूमि भी शामिल है।उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य जिलों में भी बागवानी मोनो रेल शुरू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
सीएम के बयान पर भी बोले जगत सिंह नेगी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पार्टी छोड़ने के इच्छुक नेताओं को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री का वक्तव्य उन लोगों के लिए है,जो अपने निजी स्वार्थों के चलते कांग्रेस छोड़ना चाहते हैं।उन्होंने कहा कि पार्टी में ऐसे लोग एक-दो ही हैं।नेगी ने यह भी कहा कि मौजूदा समय में भाजपा छोड़कर लोग कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।
