राहुल चावला,धर्मशाला-:दीपावली पर आतिशबाजी का उत्साह कुछ लोगों के लिए दर्दनाक अनुभव बन गया।पटाखे जलाते समय बरती गई लापरवाही के चलते धर्मशाला में करीब 20 लोग झुलसने का शिकार हुए हैं।इनमें बच्चे और बड़े दोनों शामिल हैं।राहत की बात यह रही कि अधिकांश लोगों को मामूली चोटें आईं और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल में ही संभाल लिया गया। हालांकि,इलेक्ट्रिक बर्न से घायल एक बच्ची की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा।धर्मशाला अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ.अनुराधा शर्मा ने बताया कि छोटी दिवाली और दिवाली के दौरान पटाखों से जलने के कुल करीब 20 मामले अस्पताल में पहुंचे।इनमें 13 वयस्क और 6 बच्चे शामिल थे।वहीं,एक अन्य बच्ची ने आज सुबह अस्पताल में उपचार के लिए रिपोर्ट किया।अधिकांश मरीजों को हाथों में जलने की चोटें आई थीं,जबकि कुछ लोगों के शरीर के अन्य हिस्से भी पटाखों की चपेट में आए।
डॉ.अनुराधा शर्मा के अनुसार,ज्यादातर मामले सामान्य बर्न इंजरी के थे,जिनका उपचार धर्मशाला अस्पताल में ही किया गया।लेकिन एक बच्ची इलेक्ट्रिक बर्न का शिकार हुई थी,जिसे विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता के चलते टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार की खुशियां मनाते समय सुरक्षा को नजरअंदाज न करें।पटाखे जलाते समय ढीले और जल्दी आग पकड़ने वाले कपड़े पहनने से बचें।खासकर बच्चों को अकेले आतिशबाजी न करने दें और किसी बड़े व्यक्ति की निगरानी में ही पटाखे जलाने की अनुमति दें।इसके अलावा पटाखों को घरों, वाहनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दूर सुरक्षित स्थान पर जलाना चाहिए। जलते हुए पटाखों को हाथ में पकड़ने या उनके पास जाकर देखने जैसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।एमएस ने बताया कि पटाखों से जलने की स्थिति में प्रभावित हिस्से को तुरंत सामान्य ठंडे बहते नल के पानी के नीचे रखना चाहिए, ताकि जलन कम हो सके। गंभीर चोट लगने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए।उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर पटाखों से होने वाले हादसों को रोका जा सकता है और दीपावली की खुशियों को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
