ऊना,राकेश-:हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के बदोली गांव में दीपावली की रात खूनी वारदात सामने आई है।यहां एक परिवार पर थार गाड़ी चढ़ाकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। इस दर्दनाक घटना में दंपती की मौत हो गई,जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हुए हैं।पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार,8 नवंबर को दीपावली के अवसर पर बदोली निवासी अजमेर सिंह का परिवार घर के बाहर पटाखे चला रहा था। इसी दौरान जरनैल सिंह थार गाड़ी लेकर उनके घर के गेट पर पहुंचा।शिकायतकर्ता अजमेर सिंह का आरोप है कि आरोपी ने परिवार के सदस्यों को जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार गाड़ी उनके ऊपर चढ़ा दी।इस घटना में अजमेर सिंह, उनकी पत्नी सुषमा,बेटा ओंकार सिंह और बहू वीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गए।सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया,जहां चिकित्सकों ने ओंकार सिंह और वीना देवी को मृत घोषित कर दिया।वहीं,अजमेर सिंह और उनकी पत्नी सुषमा को भी चोटें आई हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी क्राइम सीन पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।वहीं,गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।ऊना के एसपी सचिन हीरेमठ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। इस वारदात में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
उधर,आरोपी जरनैल सिंह को भी घटना के दौरान चोटें आई हैं। उसे पहले क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।फिलहाल उसका इलाज जारी है।परिजनों की ओर से इस वारदात के पीछे पटाखे चलाने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।हालांकि,विवाद की असली वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।
