राहुल चावला,धर्मशाला-:धर्मशाला के तपोवन में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत के साथ ही प्रदेश की सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि सरकार की विदाई का समय नजदीक आ गया है। उन्होंने मौजूदा विधानसभा के इस सत्र को आखिरी सत्र करार देते हुए कहा कि विपक्ष सदन के भीतर और बाहर सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाता रहेगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने पर होने वाले जश्न को लेकर भी निशाना साधा।
विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर जश्न मनाने की तैयारी कर रही है, लेकिन धरातल पर विकास की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उनका आरोप है कि प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है और आम जनता को महंगाई व अन्य समस्याओं से राहत नहीं मिल रही। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश विकास के मामले में पिछड़ रहा है तो सरकारी धन जश्न पर खर्च करने का क्या औचित्य है।- नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को लगातार घेरता रहेगा। उन्होंने भ्रष्टाचार, हिमाचल ऑन सेल, प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन और अधूरे पड़े विकास कार्यों को प्रमुख मुद्दा बताया। जयराम ठाकुर ने कहा कि इन सभी विषयों पर सरकार को जवाब देना होगा। उन्होंने विधानसभा सत्र को पहले बुलाए जाने पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष आगामी विधानसभा चुनाव तक सरकार की जवाबदेही तय करने के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
