शिमला, संजू-: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। रामपुर-गौरा सड़क पर बरसान मोड़ के समीप एक छोटा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह उस समय हुआ, जब वाहन रामपुर-गौरा सड़क से गुजर रहा था। बरसान मोड़ के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते गाड़ी सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, वाहन में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। सभी विभागों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।रामपुर पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वाहन किन कारणों से अनियंत्रित हुआ और दुर्घटना कैसे पेश आई।एसएचओ रामपुर रमेश नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बरसान मोड़ के पास वाहन खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
