शिमला/संजू-:हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में तापमान लगातार गिर रहा है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री, जबकि केलांग में माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिन के समय धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 23 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते दिनों पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। कुफरी में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। इसके बाद 16 नवंबर को प्रदेशभर में मौसम साफ रहा।मौसम विभाग के अनुसार 17 से 23 नवंबर तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान की बात करें तो ऊना में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।शिमला में अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री और बिलासपुर, हमीरपुर व मंडी में पारा करीब 28 डिग्री रहा।वहीं, न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते जनजातीय क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में धुंध को लेकर भी मौसम विभाग ने फिलहाल किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं जताई है। सुंदरनगर और बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास हल्की धुंध छा सकती है, लेकिन घनी धुंध की संभावना कम है।
