राहुल चावला,धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार के चौथे वर्ष में प्रवेश से पहले कुल्लू की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।कुल्लू सदर के कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने जिले के राजनीतिक प्रतिनिधित्व,विकास और पार्टी कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए दो टूक कहा है कि कुल्लू के अधिकारों और स्वाभिमान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि उनकी लड़ाई किसी मंत्री पद या व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए नहीं, बल्कि कुल्लू की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए है।
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू जिला प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है और राजनीतिक रूप से इसकी अहमियत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।जिले में होने वाली रैलियों और राजनीतिक कार्यक्रमों में जिस तरह का जनसमर्थन और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिलता है,वह दो से तीन विधानसभा क्षेत्रों के बराबर होता है।ऐसे में कुल्लू की राजनीतिक ताकत और यहां के लोगों की भावनाओं को उचित महत्व मिलना चाहिए।उन्होंने कहा कि कुल्लू सदर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता स्वाभिमानी हैं और पिछले 15 वर्षों से उन्होंने भाजपा को यहां जीतने नहीं दिया है।कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी का साथ दिया है।इसलिए उनकी मेहनत,समर्पण और भावनाओं का सम्मान करना संगठन की जिम्मेदारी है।उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे की रणनीति तय करने से पहले आम जनता और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जाएगा। लोग जो विकल्प और सुझाव देंगे,उसी के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा।दशहरा उत्सव के बाद कार्यकर्ताओं की नाराजगी और बंद कमरे में हुई बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि उत्सव के सफल आयोजन में कार्यकर्ताओं के साथ प्रशासन और सरकार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आयोजन के बाद कार्यकर्ताओं की कुछ अपेक्षाएं और सुझाव थे, जिन्हें उन्होंने आपसी बातचीत में रखा था।हालांकि,इन बातों को मीडिया में जरूरत से ज्यादा बढ़ाकर पेश किया गया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी भावनाएं और मान-सम्मान से जुड़े मुद्दे रखने का पूरा अधिकार है।बंद कमरे में हुई बातचीत के आधार पर किसी को नोटिस देना उचित नहीं है।वह कुल्लू के संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़े हैं।
कैबिनेट में जगह मिलने में हो रही देरी और मंत्री पद की दावेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने मंत्री बनाए जाने के लिए कोई आवेदन नहीं दिया है।राजनीति में महत्वाकांक्षा होना गलत नहीं है,लेकिन उनका उद्देश्य किसी पद को हासिल करना नहीं है।उन्होंने कहा कि कुल्लू में चार विधानसभा क्षेत्र हैं और जिले की आबादी करीब चार लाख है। भौगोलिक और राजनीतिक दृष्टि से भी कुल्लू का प्रभाव आसपास के क्षेत्रों तक है। ऐसे में जिले को सरकार में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी कुल्लू को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई जाती रही है। आपदा के दौरान जिले ने भारी नुकसान और मुश्किलों का सामना किया है। अब यहां की जनता किसी भी तरह की राजनीतिक उपेक्षा स्वीकार करने के मूड में नहीं है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि कुल्लू पर कोई राजनीतिक आपदा जबरदस्ती थोपी जाती है तो उसे सहन करना आसान नहीं होगा। ऐसी स्थिति में वह जनता और कार्यकर्ताओं की एकजुटता को प्राथमिकता देंगे।
मंडी और कुल्लू में कैबिनेट दर्जा दिए जाने की चर्चाओं तथा इसमें हो रही देरी पर उन्होंने कहा कि इस बारे में संबंधित लोगों से ही सवाल किया जाना चाहिए। वहीं, ऑपरेशन लोटस का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुल्लू से किसी भी नेता ने पार्टी के प्रति दोहरा रवैया नहीं अपनाया। वह हर परिस्थिति में कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। एनएसयूआई और युवा कांग्रेस से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और प्रतिबद्धता पर सवाल उठाने का कोई आधार नहीं है।उन्होंने दोहराया कि कुल्लू का विकास, जिले का राजनीतिक सम्मान और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज उनके लिए सर्वोपरि है। आने वाले समय में भी वह इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच रहेंगे।
