लुधियाना-:भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में अपने इंडस्ट्री सेल का विस्तार करते हुए अलग-अलग जिलों से 12 नेताओं को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी क्रम में लुधियाना के अर्जुन होरा को भाजपा पंजाब इंडस्ट्री सेल का सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। नियुक्तियों की सूची इंडस्ट्री सेल के संयोजक राजिंदर कुमार महाजन (पप्पू महाजन) की ओर से जारी की गई।
अर्जुन होरा ने नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा पंजाब नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। होरा ने विशेष रूप से वरिष्ठ नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका फोकस प्रदेश के औद्योगिक विकास, उद्योगपतियों की समस्याओं को पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने और इंडस्ट्री सेल को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर रहेगा।
भाजपा की जारी सूची में अमृतसर से कपिल अग्रवाल, लुधियाना से अर्जुन होरा, मोहाली से अतुल शर्मा, बठिंडा से राजेश कुमार बंसल, पटियाला से योगेश अग्रवाल, श्री मुक्तसर साहिब से अश्वनी गिरधर, जालंधर से हैप्पी धनीवान, बटाला से राजिंदर त्रेहन, होशियारपुर से राजेश नखरा, खन्ना से बीर प्रताप कपूर, गुरदासपुर से अजय ऋषि और रूपनगर से गोवर्धन सोनी को सह-संयोजक बनाया गया है।इस संगठनात्मक विस्तार का उद्देश्य अलग-अलग जिलों में उद्योग जगत से पार्टी का संपर्क मजबूत करना और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को व्यवस्थित तरीके से उठाना बताया गया है। भाजपा पंजाब ने पिछले महीने भी विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजकों की नियुक्तियां की थीं, जिसमें राजिंदर महाजन को इंडस्ट्री सेल का संयोजक बनाया गया था।अर्जुन होरा ने कहा कि वह उद्योगों के विकास, औद्योगिक समुदाय के हितों और पंजाब की आर्थिक प्रगति के लिए पार्टी नेतृत्व के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भी सहयोग के लिए धन्यवाद किया।
