चंबा,मंजूर पठान-:चुराह विधानसभा क्षेत्र की खुश नगरी पंचायत के टटरोग गांव में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं।गांव का ट्रांसफार्मर जलने के बाद पांच दिनों तक बिजली आपूर्ति ठप रही। ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग से नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की,लेकिन विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर उपलब्ध न होने की बात कही गई।आखिरकार परेशान ग्रामीणों ने खुद ही समस्या का समाधान करने का फैसला लिया।गांव के लोगों ने आपस में चंदा इकट्ठा कर 41 हजार रुपये की लागत से नया ट्रांसफार्मर खरीदा और गांव में बिजली आपूर्ति बहाल करवाई।ग्रामीणों के इस कदम से जहां करीब 180 परिवारों को राहत मिली है,वहीं बिजली विभाग और सरकार की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में बिजली की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी।ट्रांसफार्मर जलने के बाद विभाग को इसकी सूचना दी गई, लेकिन विभाग ने ट्रांसफार्मर उपलब्ध न होने की बात कहकर इंतजार करने को कहा।पांच दिन तक अंधेरे में रहने के बाद ग्रामीणों ने खुद पैसे इकट्ठा किए और नया ट्रांसफार्मर खरीदकर लगवा दिया।अब गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है।ग्रामीणों का सवाल है कि जब जनता को अपनी समस्याओं का समाधान खुद ही करना है,तो फिर सरकार और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी क्या रह जाती है?
