शिमला,संजू-।राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज और मालरोड की खूबसूरती और विरासत को बरकरार रखने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है।स्टेट हेरिटेज कमेटी की आपत्ति के बाद रिज और मालरोड पर स्थापित किए गए दुनिया के सात अजूबों की प्रतिकृतियों को हटा दिया गया है।नगर निगम की टीम ने नवंबर में जेसीबी और ट्रकों की मदद से इन कलाकृतियों के साथ उनके लिए बनाए गए चबूतरों को भी हटाया।
गौरतलब है कि नगर निगम ने ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम के तहत लोहे के कबाड़ से दुनिया के सात अजूबों की प्रतिकृतियां तैयार करवाई थीं।इनमें ताजमहल,एफिल टावर और स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी सहित अन्य प्रसिद्ध स्मारकों के मॉडल शामिल थे।इन कलाकृतियों को शहर में पर्यटन आकर्षण बढ़ाने और पर्यटकों के लिए सेल्फी प्वाइंट के रूप में विकसित करने की योजना थी।हालांकि, ऐतिहासिक रिज और मालरोड के कोर हेरिटेज जोन में इन प्रतिकृतियों की स्थापना को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों और स्टेट हेरिटेज कमेटी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई।आरोप लगाया गया कि नगर निगम ने इन कलाकृतियों के निर्माण और स्थापना से पहले संबंधित हेरिटेज कमेटी से जरूरी अनुमति नहीं ली थी।विरोध के चलते ये प्रतिकृतियां कई महीनों तक तिरपाल से ढकी रहीं। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण इन पर जंग भी लगने लगी थी। आखिरकार नगर निगम ने इन्हें हटाने का फैसला लिया और कार्रवाई को अंजाम दिया।अब नगर निगम इन कलाकृतियों को शहर के किसी अन्य गैर-हेरिटेज क्षेत्र या पार्क में स्थापित करने की संभावनाएं तलाश रहा है। वहीं, इस कार्रवाई ने एक बार फिर शिमला के ऐतिहासिक स्थलों की विरासत, सौंदर्य और संरक्षण को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
