शिमला/संजू-:हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर सुक्खू सरकार के भीतर ही विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं।पूर्व में आरएस बाली द्वारा नए जिले बनाने की मांग पर असहमति जताने के बाद अब कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने भी कांगड़ा जिले के विभाजन और नए जिलों के गठन का खुलकर विरोध किया है। मंत्री ने स्पष्ट कहा है कि वह फिलहाल प्रदेश में नए जिले बनाने के पक्ष में नहीं हैं।उनका मानना है कि छोटे से हिमाचल प्रदेश में जिलों की संख्या बढ़ाने के बजाय मौजूदा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।
नए जिलों के गठन करने से बढ़ेगा प्रशासनिक खर्च का बोझ
मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि नए जिलों का गठन करने से सरकार पर प्रशासनिक खर्च का बोझ बढ़ेगा।जिला मुख्यालय,अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति,कार्यालयों के संचालन तथा अन्य व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त बजट खर्च करना पड़ेगा।ऐसे में सरकार का अधिक पैसा प्रशासनिक व्यवस्था चलाने में ही खर्च हो जाएगा और विकास कार्यों के लिए कम बजट उपलब्ध रहेगा।उन्होंने कहा कि केवल जिलों की संख्या बढ़ाने से किसी प्रदेश का विकास नहीं होता,बल्कि विकास के लिए संसाधनों का सही इस्तेमाल जरूरी है।
नए जिलों के गठन के समय पर भी सवाल
चंद्र कुमार ने नए जिलों के गठन के समय पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को जनगणना पूरी होने और परिसीमन के बाद ही आगे बढ़ाया जाना चाहिए।यदि जनसंख्या को नए जिलों के गठन का आधार बनाया जाना है, तो पहले जनगणना के आधिकारिक आंकड़े सामने आने जरूरी हैं।ऐसे में जनगणना की प्रक्रिया के बीच नए जिले बनाने का फैसला लेना उचित नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि नए जिलों के गठन को लेकर धर्म सिंह चौधरी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है।सरकार को पहले कमेटी की रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए और उसके बाद ही इस विषय पर कोई निर्णय लेना चाहिए।उन्होंने यह भी माना कि प्रदेश में कुछ लोग नए जिले बनाने की मांग कर रहे हैं, जबकि कई लोग इसके विरोध में हैं।
प्रदेश की राजनीति में कांगड़ा की भूमिका अहम
कांगड़ा जिले के राजनीतिक महत्व पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि कांगड़ा हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है और यहां विधानसभा की काफी सीटें हैं।प्रदेश की राजनीति में कांगड़ा की भूमिका बेहद अहम रहती है। जिस राजनीतिक दल को कांगड़ा में अच्छा समर्थन मिलता है,उसके लिए प्रदेश की सत्ता तक पहुंचने का रास्ता आसान हो जाता है।वहीं,इस जिले में कमजोर प्रदर्शन करने वाली पार्टी के लिए सरकार बनाना मुश्किल हो सकता है।मंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में परिवहन और सड़क सुविधाओं की स्थिति आज जैसी नहीं थी।कई दूरदराज के क्षेत्रों से जिला मुख्यालय पहुंचने में लोगों को दो से तीन दिन लग जाते थे।लोगों को अपने काम करवाने के लिए जिला मुख्यालय में रात तक रुकना पड़ता था।उस समय प्रशासनिक सुविधा की दृष्टि से नए जिलों की जरूरत महसूस होती थी,लेकिन अब परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं।उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले कांगड़ा जिले का भौगोलिक क्षेत्र काफी बड़ा था और इसमें कुल्लू तथा लाहौल-स्पीति जैसे क्षेत्र भी शामिल थे।उस समय धर्मशाला पहुंचना लोगों के लिए बड़ी चुनौती हुआ करता था। लेकिन अब सड़कों का विस्तार हुआ है और परिवहन सुविधाएं बेहतर हुई हैं।दूरदराज के क्षेत्रों से भी लोग एक ही दिन में जिला मुख्यालय पहुंचकर अपना काम करवाने के बाद वापस घर लौट सकते हैं।
चंद्र कुमार के मुताबिक आज तहसील,एसडीएम कार्यालय,बीडीओ कार्यालय और अन्य प्रशासनिक इकाइयां लोगों के नजदीक उपलब्ध हैं।आम जनता के ज्यादातर काम स्थानीय स्तर पर ही निपटाए जा रहे हैं। ऐसे में जिला मुख्यालय तक जाने वाले लोगों की संख्या भी पहले के मुकाबले कम हुई है।कुल मिलाकर नए जिलों के गठन का मुद्दा अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बनता जा रहा है।खास बात यह है कि इस मांग को लेकर सरकार के भीतर से ही असहमति सामने आ रही है।आरएस बाली के बाद कृषि मंत्री चंद्र कुमार का विरोध सरकार के लिए इस मुद्दे पर फैसला लेना आसान नहीं रहने के संकेत दे रहा है।
