शिमला। हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है।अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) के लागू होने से अब चिकित्सकों को मरीजों का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड, उपचार संबंधी जानकारी और जांच रिपोर्ट एक क्लिक पर उपलब्ध हो सकेगी। इससे उपचार प्रक्रिया अधिक सरल,पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में एचएमआईएस लागू करने जा रही है।इस प्रणाली के माध्यम से मरीजों के रिकॉर्ड,अस्पतालों से संबंधित सूचनाओं, डेटा एंट्री, रिपोर्ट तैयार करने और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण किया जाएगा।
661 आईटी कर्मियों की होगी तैनाती
एचएमआईएस के प्रभावी क्रियान्वयन और सुचारू संचालन के लिए राज्य सरकार ने 661 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी)/डेटा एंट्री ऑपरेटरों की नियुक्ति को मंजूरी प्रदान की है।इनमें से 561 पद चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और प्रदेश के विभिन्न राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में भरे जाएंगे,जबकि 100 पद अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए निर्धारित किए गए हैं।चिकित्सा शिक्षा निदेशालय शिमला में 20, इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला में 100,श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में 61, पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में 50 और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में 100 पद भरे जाएंगे।इसी प्रकार डॉ.राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में 90, डॉ.यशवंत सिंह परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नाहन में 50,राजीव गांधी राजकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल शिमला में 20 तथा अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज चमियाना में 70 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
नियुक्त होने वाले कर्मचारी एचएमआईएस संचालन,ई-ऑफिस, ई-गवर्नेंस,ऑनलाइन पत्राचार, डेटा प्रबंधन, रिपोर्ट तैयार करने, सरकारी पोर्टल संचालन, ई-वेतन,ऑनलाइन भर्ती एवं स्थापना संबंधी कार्यों के साथ-साथ सरकारी ई-मार्केटप्लेस के माध्यम से खरीद प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।इन कर्मचारियों की तैनाती से चिकित्सा संस्थानों में डेटा प्रबंधन अधिक व्यवस्थित होगा।साथ ही मरीजों,चिकित्सकों,शिक्षण संकाय, विद्यार्थियों और अन्य कर्मचारियों से संबंधित सूचनाओं का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने और समय पर अपडेट करने में भी मदद मिलेगी।मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को पर्याप्त श्रमशक्ति, आधुनिक तकनीक और बेहतर आधारभूत सुविधाओं से सशक्त बना रही है।सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के स्तरोन्नयन को प्राथमिकता दे रही है,ताकि प्रदेशवासियों को अपने राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें और उन्हें विशेषज्ञ उपचार के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े।उन्होंने कहा कि एचएमआईएस की शुरुआत और चिकित्सा संस्थानों में आईटी कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम है। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों के आधुनिकीकरण और तकनीक के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
