पंचकूला-:पंचकूला में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं का सफर आसान बनाने के लिए हरियाणा सरकार ने नई पहल की है।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर से दो इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।ये बसें माता मनसा देवी मंदिर से चंडी माता मंदिर और पिंजौर गार्डन होते हुए कालका स्थित श्री काली माता मंदिर तक चलेंगी।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सेक्टर-5 स्थित नवीनीकृत बस टर्मिनल का भी उद्घाटन किया।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संस्कृत गुरुकुल,श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर से दो इलेक्ट्रिक बसों को रवाना कर पंचकूला में धार्मिक पर्यटन और सार्वजनिक परिवहन को नई सौगात दी।इस बस सेवा के शुरू होने से श्रद्धालु एक ही रूट पर जिले के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला मां शक्ति की उपासना का प्रमुख केंद्र है।यहां हर साल लाखों श्रद्धालु माता के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।ऐसे में बुजुर्गों,महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं को अलग-अलग मंदिरों तक पहुंचने में होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है।उन्होंने बताया कि दोनों इलेक्ट्रिक बसें प्रतिदिन छह-छह चक्कर लगाएंगी।यात्रियों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था भी की गई है।इसे स्कैन कर श्रद्धालु अपने मोबाइल पर बस की लोकेशन और समय-सारणी की जानकारी हासिल कर सकेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2070 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य और लाइफ यानी पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली के संदेश को आगे बढ़ाएगी।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सेक्टर-5,पंचकूला में हरियाणा राज्य परिवहन के नवीनीकृत बस टर्मिनल का भी उद्घाटन किया। इन दोनों पहलों से पंचकूला में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
