Shimla,9 May(TSN)–नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत अब केवल अपनी सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं,बल्कि आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक रणनीति पर काम कर रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने बार-बार यह सिद्ध किया है कि देश की सुरक्षा में कोई समझौता नहीं होगा।
उन्होंने कहा, “आज का भारत जवाबी कार्रवाई में नहीं, निर्णायक कार्रवाई में विश्वास करता है। जो आतंक की भाषा बोलेगा, उसे उसी की ज़ुबान में उत्तर मिलेगा।” जयराम ठाकुर ने कहा कि उरी, पुलवामा और अन्य आतंकी घटनाओं के बाद भारत की सर्जिकल और एयर स्ट्राइक इस बदले हुए रुख का प्रमाण हैं।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम
जयराम ठाकुर ने रक्षा क्षेत्र में भारत की प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा कि राफेल, एस-400 और स्वदेशी तेजस जैसे आधुनिक हथियार प्रणालियाँ अब भारत को आत्मनिर्भर और वैश्विक ताकत बना रही हैं।’सुदर्शन’ जैसे सिस्टम अब आतंकवाद के खिलाफ भारत की अग्रिम पंक्ति बन चुके हैं।
दुनिया में बढ़ता भारतीय रक्षा निर्यात
उन्होंने बताया कि भारत का रक्षा निर्यात 22,000 करोड़ रुपये पार कर चुका है,जो कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी नीतियों और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की सफलता का प्रतीक है। “भारत अब सिर्फ एक उपभोक्ता नहीं, बल्कि एक अग्रणी निर्माता और निर्यातक के रूप में उभर रहा है,” उन्होंने कहा।
अंतरिक्ष में भी भारत की ताकत
जयराम ठाकुर ने 2019 में भारत द्वारा किए गए एंटी-सैटेलाइट परीक्षण को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह भारत की तकनीकी क्षमता और वैश्विक स्थिति को दर्शाता है।
नए भारत का नया संदेश
उन्होंने कहा,”आज का भारत अब चुप बैठने वाला नहीं है। यह हर चुनौती का जवाब अपने अंदाज़ में देता है– यह है नया भारत, आत्मनिर्भर और अडिग।”
