बिलासपुर : सुभाष ठाकुर ( TSN)- कीकर-नवगांव पेयजल योजना के विरोध को लेकर संघर्ष समिति ने कहा कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो एनएच जाम करेंगे। त्रिवेणी घाट में मंगलवार को दूसरी महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों और सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।इस दौरान महापंचायत के बाद ग्रामीणों ने मौके पर काम बंद करवाया और निर्माणाधीन टैंक में पत्थर डाले गए ।
त्रिवेणीघाट में हुई महापंचायत में विधायक रणधीर शर्मा भी भाग लेने पहुंचे। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। संघर्ष समिति ने कहा कि प्रशासन और सरकार इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा। यदि यहां पेयजल योजना बन जाती है तो गर्मियों में बिलासपुर के लोगों को पानी के संकट से जूझना पड़ेगा। इस बारे में कोई नहीं सोच रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही इस काम को बंद नहीं करवाया गया तो आंदोलन और उग्र होगा। इसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
