अम्बाला, 6 फरवरी-:अंबाला की जिला अदालत को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया और मौके पर बम निरोधक दस्ते के साथ पुलिस की टीमें पहुंचीं। पूरे कोर्ट परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है, वहीं अदालत में आने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि धमकी की हर एंगल से जांच की जा रही है।
अंबाला की जिला अदालत में आज उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। बताया जा रहा है कि यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और बम निरोधक दस्ता तुरंत कोर्ट परिसर में पहुंच गया।कोर्ट के अंदर और आसपास के पूरे इलाके को खंगाला जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनज़र कोर्ट में आने वाले वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों की चेकिंग की जा रही है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
“हमें ई-मेल के माध्यम से कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरी कोर्ट की जांच की जा रही है। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।”गौरतलब है कि अंबाला में इस तरह की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन पहले भी अंबाला के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं, जिसके बाद अब कोर्ट को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों ने इस तरह की घटनाओं पर नाराज़गी जाहिर की। वकीलों का कहना है कि यदि इस प्रकार की धमकियां लगातार मिल रही हैं, तो प्रशासन को और अधिक सख्त कदम उठाने चाहिए थे।
