करनाल, 29 सितम्बर –केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के इंद्री विधानसभा क्षेत्र में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर ह.मला बोला। शाह ने कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति में अंधी हो चुकी है उसे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे अच्छे लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र में मोदी की सरकार है तब तक जम्मू-कश्मीर में केवल तिरंगा ही लहराएगा। वे कहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद-370 फिर से लागू करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री आज कुंजपुरा में पार्टी प्रत्याशी रामकुमार कश्यप की ओर से आयोजित जन आशीर्वाद रैली में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि क्या जम्मू-कश्मीर से 370 जानी चाहिए थी या नहीं। इसका जवाब लोगों ने ना में हाथ हिला कर दिया।
अमित शाह राम मंदिर की चर्चा करना भी नही भूले। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए था या नहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूमि पूजन भी किया और प्राण प्रतिष्ठा भी। भाजपा जो कहती है वह करती है। आरक्षण के ऊपर भी कांग्रेस को घेरते हुए अमित शाह ने कहा कि अमेरिका में जाकर राहुल कहते हैं कि वह इसे खत्म कर देंगे। देश में दूसरी भाषा बोलते हैं। आरक्षण को लेकर उनकी मंशा उजागर हो चुकी है। भाजपा किसी भी कीमत पर आरक्षण को खत्म करने नहीं देगी।उन्होंने फिर लोगों से कहा कि क्या एससी, एसटी एवं ओबीसी का आरक्षण खत्म कर देना चाहिए। इस पर एक सुर से लोगों ने कहा कि नहीं।
राहुल बाबा झूठ बोलने की मशीन
अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा झूठ बोलने की मशीन हैं।उन्होंने कहा ,भाजपा सरकार में 36 बिरादरी का विकास हुआ है और हो रहा है। बिना खर्ची व पर्ची के नौकरियां दी गईं। कांग्रेस ने बिना घूस के नौकरियां दी ही नहीं। दिल्ली के दामाद को सैकड़ों एकड़ जमीन दे दी।उन्होंने हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आयुष्मान योजना की सीमा पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख की जाएगी।बुजुर्गों के लिए यह सीमा 15 लाख तक रहेगी।
