चंडीगढ़-:हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बुधवार को अंबाला छावनी स्थित अपने आवास पर जनसमस्याएं सुनते हुए कई मामलों में अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग में कथित लापरवाही,बोरवेल हादसे के मामले में कार्रवाई में देरी तथा महिलाओं से जुड़े शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया।
वार्ड नंबर-10,अंबाला छावनी के पार्षद रमन छतवाल ने मंत्री विज को शिकायत दी कि जनस्वास्थ्य विभाग का एक फोरमैन और उसके तीन रिश्तेदार,जो ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं, अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रहे हैं।शिकायत में आरोप लगाया गया कि फोरमैन निजी कार्यों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाता है,जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।मामले का संज्ञान लेते हुए मंत्री विज ने विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई) को सात दिनों के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।इस दौरान धन्यौड़ा गांव में बोरवेल में गिरने से जान गंवाने वाले बालक निरवैर सिंह के परिजनों ने भी मंत्री से मुलाकात की। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।मंत्री विज ने उन्हें मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।एक अन्य मामले में अंबाला छावनी की एक विवाहिता ने शिकायत की कि विवाह के बाद से उसका पति उसके साथ मारपीट करता है,उसका किसी अन्य महिला से संबंध है और ससुराल पक्ष ने उसे घर से निकाल दिया है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पांच वर्षीय बेटे को भी उससे अलग कर दिया गया है। मंत्री विज ने पुलिस को मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एक अन्य विवाहिता ने भी शिकायत की कि ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट और घर से निकाले जाने के बावजूद महिला थाने में शिकायत दर्ज कराने के पांच माह बाद तक पुलिस ने न तो केस दर्ज किया और न ही कोई कार्रवाई की। इस पर मंत्री विज ने अंबाला कैंट के डीएसपी को तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान टुंडला की एक महिला ने पड़ोसियों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने, घसीटपुर के एक परिवार ने आत्महत्या के मामले में कार्रवाई की मांग तथा छावनी निवासी एक महिला ने बिजली कनेक्शन संबंधी समस्या मंत्री के समक्ष रखी। इन सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।इसके अलावा भाजपा ग्रामीण मंडल के नवनियुक्त युवा प्रभारी रवि कुमार ने कार्यकर्ताओं के साथ मंत्री अनिल विज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।इस अवसर पर मंत्री विज ने उन्हें संगठन को मजबूत करने और पार्टी के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विकास बहगल,महामंत्री भरत कोछड़,नरेंद्र राणा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
