शिमला,संजू-:एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश और हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली महिला कबड्डी खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने सरकार की ओर से घोषित 33 लाख रुपये की इनामी राशि को बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने की मांग की।
खिलाड़ियों ने इसके साथ ही योग्य खिलाड़ियों को डीएसपी रैंक की नौकरी देने का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। मुलाकात के बाद कप्तान पुष्पा राणा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुष्पा राणा ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए सरकार का प्रोत्साहन बेहद महत्वपूर्ण है।इससे न केवल उनका मनोबल बढ़ता है,बल्कि प्रदेश के अन्य युवाओं को भी खेलों की ओर बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ,अनुशासित और बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।गौरतलब है कि एशियन गेम्स में भारत की स्वर्णिम सफलता में हिमाचल की पुष्पा राणा, रितु नेगी,ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर का अहम योगदान रहा है।खिलाड़ियों ने कहा कि प्रदेश सरकार का सहयोग उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
