Bilaspur, Subhash-:हिमाचल प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी शैलजा शर्मा को उनके उत्कृष्ट और निरंतर खेल प्रदर्शन के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा आउट ऑफ टर्न पदोन्नति दी गई है। खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश व देश का नाम रोशन करने वाली शैलजा शर्मा को सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदोन्नत किया गया है।
शैलजा शर्मा की यह पदोन्नति हैंडबॉल खेल में उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन, अनुशासन और समर्पण को देखते हुए प्रदान की गई है। इस सम्मान से न केवल पुलिस विभाग बल्कि हिमाचल प्रदेश के खेल जगत में भी हर्ष का माहौल है।शैलजा शर्मा की सफलता युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने यह साबित किया है कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है, साथ ही सरकार और प्रशासन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित सम्मान देता है।
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय शैलजा शर्मा ने मोरसिंघी हैंडबॉल अकैडमी और अपने कोच को दिया। उन्होंने कहा कि कोच के मार्गदर्शन, कठोर अभ्यास और निरंतर प्रोत्साहन के कारण ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाईं।
