शिमला, 9 अगस्त :भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने प्रदेश कांग्रेस सरकार को घेरते हुए अपने वायदों से यू-टर्न लेने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार ने राज्य की माली हालत का हवाला देते हुए बहुत सी मुफ्त सुविधाओं पर कटौती करने का फरमान जारी किया है। जनता को मिल रही इन सुविधाओं के लिए अब जनता को अपनी जेब ढीली करनी होगी। सुक्खू सरकार के इन फैसलों पर प्रदेश भाजपा अपना रोष व्यक्त कर रही है।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि बिजली, पानी, महिलाओं को 1500 रुपये से लेकर हिमकेयर, सस्ता राशन जैसी सुविधाओं पर यू-टर्न लेकर कांग्रेस सरकार ने जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पेट्रोल-डीज़ल पर जीएसटी बढ़ाया, एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई, शराब पर सेस बढ़ाया, स्टाम्प ड्यूटी बढ़ाई और भी अन्य कई सुविधायें आम आदमी की पहुंच से बाहर कर दी हैं। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जनहित में खोले गए संस्थानों को बंद करने का काम किया और इन सबके बावजूद हैरानी की बात है कि मात्र 2 साल में 30 हजार तक का ऋण लेकर एक इतिहास रच दिया है।वीरेंद्र कंवर ने कहा कि सत्ता के लालच में चुनावों के समय कांग्रेस ने फ्री बिजली, पानी व महिलाओं को 1500 देने की बात कि और अब इन सबसे यू-टर्न लेकर उल्टा जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने का प्रयास किया जा रहा है जो बिल्कुल सहन नहीं किया जाएगा।कंवर ने कहा कि इन सभी झूठे वायदों पर विधानसभा में चर्चा होनी चाहिए और कांग्रेस सरकार को सदन के भीतर जनता से किये गए इस धोखे के लिए माफी मांगनी चाहिए।
