पलवल(TSN): गांव बंचारी में 1 करोड़ 32 लाख रूपए की लागत से ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग को बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गयी हैं। हरियाणा के भूमि सुधार एवं विकास निगम के चेयरमैन एवं होडल विधायक जगदीश नायर ने रविवार को इस मार्ग के निर्माण कार्य का नारियल तोडकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के लिए 14 करोड़ 84 लाख रूपए मंजूर किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के निर्माण को लेकर विधानसभा में मुद्दा उठाया था। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के लिए 14 करोड़ 84 लाख रूपए मंजूर की गई हैं। आज गांव बंचारी से लेकर डकोरा तक ब्रज चौरासी कोस मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया हैं। सडक़ के निर्माण के साथ साथ बिजली व पानी की व्यवस्था की जाएगी। परिक्रमा मार्ग को सुंदर बनाया जाएगा। यात्रियों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी। यात्रा में आने वाली रेलवे लाइन के ऊपर पुलों का निर्माण किया जाएगा वहीं अंडर पास भी बनाए जाएगें।
