शिमला,25 जून-:मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र के नेरी कलां में आयोजित जनसभा के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।उन्होंने जोहड़जी-मल्ला सड़क निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत करने, प्राथा विद्यालय को सीबीएसई से संबद्ध करने,जोगिंद्रा सहकारी बैंक की शाखा खोलने तथा चाटी ढांक में बांध निर्माण के लिए सर्वेक्षण कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि राज्य के 150 सीबीएसई स्कूलों में जुलाई तक अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही अगले दो महीनों के भीतर सभी मेडिकल कॉलेजों में ऑटोमेटेड लैब स्थापित कर दी जाएंगी।उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश को बिना अतिरिक्त वित्तीय बोझ के 211 मेगावाट बिजली मिलेगी, जिससे राज्य को प्रतिवर्ष लगभग 600 करोड़ रुपये का लाभ होगा।मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने वाली योजनाओं, महिलाओं के लिए इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि,अनाथ बच्चों के लिए ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ योजना तथा विद्यार्थियों के लिए रियायती शिक्षा ऋण योजनाओं का भी उल्लेख किया।इस अवसर पर विधायक विनोद सुल्तानपुरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
