करनाल(TSN): करनाल के अलग-अलग वार्ड्स में रविवार को सीएम मनोहर लाल जनसंवाद कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के नगर निगम के वार्ड 10, वार्ड 19, गांव उचाना और गांव रतनगढ़ में सुबह से लेकर शाम तक जनसंवाद के कार्यक्रम चलेंगे। वहीं वार्ड 10 में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए । अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि बीते 9 वर्षों में हमने व्यवस्था में बहुत सुधार किए हैं। आज 60 वर्ष आयु होने पर पेंशन घर बैठे बनकर आती है पहले दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे । उन्होंने कहा कि करनाल के तीन हजार से अधिक लोगो का सरकारी योजना के जरिए मुफ़्त इलाज हुआ हैं और उन्हें करीब 18 करोड़ की सहायता मिली ।
जनसंवाद में सबसे अधिक शिकायतें जमीन संबंधी मामलों और प्राइवेट बिल्डर के खिलाफ दी गई । कई लोगों ने कहा कि उनके प्लॉट पर अवैध कब्जे किए गए और जमीनों की फर्जी रजिस्ट्री करवाई गई । शिकायत कर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शिकायत पर कोई एक्शन नहीं लिया । सीएम ने इस पर संज्ञान लेते हुए तुरंत एसपी करनाल को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। बाशिंदों ने बिल्डर पर सरकार और उनके साथ करोड़ों की धांधली करने के आरोप लगाए । इस शिकायत पर भी सीएम ने तुंरत एक्शन लिया और कहा कि पार्श्वनाथ का मामला उनकी जानकारी में आया है इस पर जल्द कार्रवाई होगी।
