हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)- परिवार पहचान पत्र को पुअर पीपल प्रोटेक्शन पत्र बताते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह योजना गरीबों के अधिकार सुरक्षित करने का काम कर रही है।मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार देर रात स्थानीय सिंचाई विश्राम गृह में मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत की ।मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्य राज्यों की सरकारें भी परिवार पहचान पत्र को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में इस योजना को लागू करने की प्रक्रिया आरंभ की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से पात्र लोगों के परिवारों को घर बैठे केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस योजना के तहत विभिन्न प्रमाण पत्र भी लोगों को आसानी से मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में सेवाएं योजना का लाभ देने के लिए कमीशन एजेंट सक्रिय थे। परिवार पहचान पत्र ने अब यह गोरख धंधा समाप्त कर दिया है।सौर ऊर्जा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा के अधिक प्रयोग से थर्मल ऊर्जा से छुटकारा मिल जाएगा। सौर ऊर्जा के सभी विकल्पों का अधिक से अधिक उपयोग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुसुम योजना के तहत सरकार ने अब तक 50 हजार ट्यूबवेल कनेक्शन जारी किए है। आने वाले समय में 70 हजार कनेक्शन और दिए जाएंगे। इसी प्रकार से किसानों को बिजली पर सब्सिडी दी जा रही है। सरकार इसके लिए बिजली निगम को करोड़ों रुपए की अतिरिक्त राशि जारी करती है।
इंडी गठबंधन जनता के साथ धोखा
एक अन्य सवाल के जवाब में मनोहर लाल ने कहा कि इंडी गठबंधन जनता के साथ धोखा है। विभिन्न राज्यों में यह गठबंधन समाप्त होता जा रहा है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गठबंधन के मामले में भाजपा की नैतिकता पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा सुचिता और शुद्धता के आधार पर ही किसी दल को सत्ता बनाने में अपना समर्थन देती है।
