Delhi, 27 January-:मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर राज्य की सड़क अवसंरचना और विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़कों और पुलों की मरम्मत, रखरखाव और नए निर्माण कार्यों के लिए पर्याप्त केंद्रीय वित्तीय सहायता देने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री ने छैला–नेरीपुल–यशवंत नगर–ओच्छघाट सड़क के लिए सैद्धांतिक रूप से 200 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की, जिससे प्रदेश के सेब उत्पादकों को बड़े पैमाने पर लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने शिमला–मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि यह राजमार्ग राज्य की राजधानी को 8 जिलों और पड़ोसी राज्यों से जोड़ता है। उन्होंने शिमला–शालाघाट और भगेड़–हमीरपुर मार्ग पर अधिकतम सुरंगों के निर्माण का सुझाव दिया और पैकेज-4 के तहत फोरलेन निर्माण के लिए डीपीआर प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया। इसमें चीलबाहल से भंगबार तक का हिस्सा और नया उत्तरी हमीरपुर बाईपास शामिल है।मुख्यमंत्री ने कहा कि गत मानसून में चीलबाहल–पक्का भरोह खंड में भारी नुकसान हुआ है और पिछले 5–6 वर्षों में इस सड़क का सुदृढ़ीकरण नहीं हुआ। यह मार्ग कई धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसे विकास और रखरखाव के लिए हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग (एनएच विंग) को सौंपने की भी सिफारिश की। साथ ही, उन्होंने एनएचएआई से 38.37 करोड़ रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति देने का अनुरोध किया।केंद्रीय मंत्री ने सभी अनुरोधों को मंजूरी देते हुए राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह भी मौजूद थे।
