Chandigarh,6 November-:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वैश्विक तकनीकी कंपनियों को राज्य में सेमीकंडक्टर निर्माण इकाइयां स्थापित करने का आमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हाई-टेक उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में आयोजित “हरियाणा टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन समिट” में कहा कि राज्य अब इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर विनिर्माण के क्षेत्र में अग्रणी बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा की नई औद्योगिक नीति निवेशकों को आकर्षक प्रोत्साहन, अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा और उद्योग-अनुकूल वातावरण प्रदान करती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और हरियाणा इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है। उन्होंने कंपनियों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उन्हें भूमि, बिजली, जल, और स्किल्ड मैनपावर की संपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराएगी।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को “हरियाणा सेमीकंडक्टर मिशन 2030” दस्तावेज़ की प्रति भेंट की। उन्होंने कहा कि यह मिशन युवाओं को उच्च कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।कार्यक्रम में कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों के अधिकारी मौजूद रहे। समापन सत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा तकनीकी नवाचार का केंद्र बनकर उभर रहा है और आने वाले वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में सेमीकंडक्टर उद्योग की बड़ी भूमिका होगी।
