शिमला : संजु चौधरी ( TSN)- हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा को दोबारा मंत्री बनाने की संकेत दिए. हिमाचल प्रदेश विधानसभा में प्रश्न संख्या 1452 में पर्यटन से जुड़े एक सवाल के जवाब के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सुधीर शर्मा मंत्री बनेंगे. वह वरिष्ठ मंत्री रहे हैं. भविष्य के गर्भ में क्या छिपा है, किसी को नहीं पता.
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद एक बार फिर सुधीर शर्मा के मंत्री बनने की चर्चा तेज हो गई है. गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री को मिलाकर कुल 12 मंत्री हो सकते हैं. फिलहाल सुक्खू मंत्रिमंडल में 11 सदस्य हैं.
विधायक सुधीर शर्मा ने भी दी प्रतिक्रिया
विधानसभा में मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद विधायक सुधीर शर्मा ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अब सरकार को 14 महीने का वक्त पूरा हो गया है. सुधीर शर्मा ने कहा कि जब व्यक्ति को भूख लगी होती है, तभी उसे खाना देना जरूरी होता है. मार्च के पहले हफ्ते में आचार संहिता लग जाएगी और लोकसभा चुनाव आ जाएंगे. लोकसभा चुनाव के बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकेगा. उन्होंने कहा कि यह भविष्य ही बताएगा कि क्या स्थिति बनेगी. सुधीर शर्मा ने मंत्री बनने से भी साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को किसी और को मंत्रिमंडल में एडजस्ट करना चाहिए. वे विधायक हैं और विधायक के तौर पर ही काम करते हैं.
