राहुल चावला,धर्मशाला( TSN)-मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा के धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के दाड़ी मेला ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने तपोवन के पास 150 करोड़ रुपये की लागत से देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस कन्वेंशन सेंटर में बड़े स्तर के सेमिनार आयोजित किए जाएंगे जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र योल कैंट के संचालन, आईटी पार्क में पुल के निर्माण के लिए धनराशि, ओबीसी भवन के निर्माण को पूरा करने के लिए पर्याप्त धनराशि आवंटित करने और सड़क निर्माण परियोजनाओं की भी घोषणा की। इनमें झीयोल स्कूल से अंजनी माता, परोल से घियाना खुर्द बड़ा खौला, कुफरी से चामुंडा मंदिर, अलखनी से जयुल कंड करड़ियाना, कनेड से झखरेहड़, चेलियां से पासू, टीका से बनी और लुंटा-बगोटू-खबरोट-टिल्लू सड़क निर्माण परियोजनाएं शामिल हैं।
राज्य सरकार की विशेष राहत पैकेज की मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए पीडीएनए जारी नहीं किया है और राज्य सरकार की विशेष राहत पैकेज की मांग को भी नकार दिया है। संकट की घड़ी में राज्य के भाजपा नेता प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होने के बजाय आपदा पर राजनीतिकरण करते रहे। प्रदेश सरकार राज्य के लोगों को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य कर रही है।
