Delhi, 27 January-:मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री श्री राम मोहन नायडू किंजरापु से भेंट कर प्रदेश के हवाई संपर्क को सुदृढ़ करने से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।मुख्यमंत्री ने कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए केंद्र सरकार से सहयोग और विशेष केंद्रीय अनुदान उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत संभावनाशील है तथा राज्य सरकार यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों के शीघ्र समाधान का भी उन्होंने अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कम दृश्यता की परिस्थितियों में भी उड़ानों के संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष विजुअल फ्लाइट रूल्स लागू करने का सुझाव दिया, जिससे न्यूनतम दृश्यता मानक को 5 किलोमीटर से घटाकर 2.5 किलोमीटर किया जा सके।उन्होंने कुल्लू और शिमला हवाई अड्डों पर सीमित उड़ान संचालन और कम यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सीआईएसएफ के स्थान पर राज्य पुलिस को सौंपने पर भी विचार-विमर्श किया, जिससे राज्य पर पड़ने वाला वित्तीय भार कम हो सके। इसके अतिरिक्त, शिमला हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन का समय बढ़ाकर सायं 4 बजे तक करने का आग्रह किया गया।मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़–शिमला और शिमला–चंडीगढ़ के बीच उड़ानों की आवृत्ति बढ़ाने तथा प्रदेश में प्रस्तावित चार हेलीपोर्ट्स को शीघ्र स्वीकृति देने की भी मांग रखी।केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार हेतु संबंधित विभागों के साथ संयुक्त बैठक कर डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए और राज्य को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह भी उपस्थित रहे।
