Shimla, 9 December-:हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हाल ही में हुई ताजा बर्फबारी के बाद पूरे प्रदेश में शीतलहर तेज हो गई है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। राज्य के 15 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। इनमें तीन जगहों पर तापमान माइनस में और एक स्थान पर शून्य डिग्री तक पहुंच गया है। हालांकि, शिमला सहित अधिकतर हिस्सों में सोमवार को मौसम साफ बना रहा, जबकि मंडी में हल्का कोहरा छाया रहा।
जनजातीय क्षेत्र लाहौल में सोमवार सुबह मौसम ने करवट ली, जिसके चलते रोहतांग दर्रा और बारालाचा में ताजा बर्फबारी हुई। रोहतांग में लगभग 12 सेंटीमीटर और ग्रांफू में 5 सेंटीमीटर बर्फ गिरी। वहीं, कोकसर और चंद्रा घाटी में भी हल्की बर्फबारी हुई, जिससे कुल्लू और लाहौल में ठंड का असर और बढ़ गया है।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक यानी 13 दिसंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद 13 दिसंबर को एक नया, लेकिन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से 14 दिसंबर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
कहां कितना तापमान:
शिमला में न्यूनतम तापमान 9.0, सुंदरनगर 3.1, भुंतर 2.6, कल्पा 0.0, मनाली 2.7, मंडी 4.3, हमीरपुर 3.8, कुकुमसेरी -6.1 और ताबो -4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।इसी बीच, 16,800 फीट ऊंचा शिंकुला दर्रा ताजा बर्फबारी के बाद बर्फ की चादर से ढक गया है। यह दर्रा लाहौल-स्पीति और लद्दाख की सीमाओं को जोड़ता है। प्रशासन ने फिलहाल इसे फोर-बाई-फोर वाहनों के लिए खोल दिया है, जिससे पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई है। यहां करीब आधा फीट बर्फ जमी है, जो बर्फ प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि यह पहल क्षेत्र में सर्दियों के पर्यटन को नया आयाम देगी।
