कुरुक्षेत्र,गुरदीप सिंह गुजराल -:जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और विपक्ष के नेताओं के साथ हुए व्यवहार के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को कुरुक्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय पहुंचकर उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की प्रदर्शन हरियाणा कांग्रेस के राज्यव्यापी विरोध कार्यक्रम का हिस्सा था, जिसके तहत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपे गए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि छात्रों के मुद्दों को लेकर उठाई जा रही आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र ने कहा कि पार्टी देश के छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों ने लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित किया है। उनका कहना था कि जब छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रहे थे, तब उनके खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं है।हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का भविष्य संकट में है और सरकार को इस विषय पर जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रों के हित में ठोस कदम नहीं उठाए जाते और उनके खिलाफ दर्ज मामलों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, संसद में नीट पेपर लीक मामले पर विस्तृत चर्चा कराने तथा छात्रों और कांग्रेस नेताओं पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग शामिल है।प्रदर्शन में थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, रामकरण कला, जिला अध्यक्ष मेवा सिंह, पूर्व विधायक रामपाल माजरा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
