Shimla, 8 July— हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अब 15 जुलाई को नहीं होगा। शिमला के रिज मैदान पर प्रस्तावित यह कार्यक्रम प्रदेश में सक्रिय मानसून और संभावित खराब मौसम के कारण स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने वीरभद्र सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दी।
कांग्रेस कार्यालय, शिमला में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में पार्टी कार्यकर्ताओं और अनेक गणमान्य लोगों ने वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतिभा सिंह ने इस अवसर पर कहा, “वीरभद्र सिंह आधुनिक हिमाचल के निर्माता थे। उनका विज़न और विकास कार्य आज भी लोगों के जीवन में दिखते हैं।”उन्होंने प्रदेश में मानसून से हो रही क्षति पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि मंडी जिले के सिराज, करसोग और धर्मपुर जैसे क्षेत्रों में व्यापक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राहत कार्यों में जुटी हुई है और प्रभावित लोगों की सहायता की जा रही है।
सभा के दौरान प्रतिभा सिंह ने मंडी से सांसद कंगना रनौत के हालिया बयान की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, “सांसद का यह कहना कि उनके पास क्षेत्रीय विकास के लिए फंड नहीं है, न केवल हास्यास्पद है बल्कि दुर्भाग्यपूर्ण भी है। जनता को इस तरह गुमराह करना स्वीकार्य नहीं है।”
