मंडी, धर्मवीर ( TSN)- कांग्रेस प्रदेश महासचिव व कांग्रेस पूर्व प्रत्याशी पवन ठाकुर का कहना है कि हरियाणा के चुनाव में भाजपा जनता के जनदेश से नहीं बल्कि मशीन की गडबड़ी से चुनाव जीता है। यह आरोप उन्होंने सोमवार को मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान लगाए है। पवन ठाकुर ने कहा कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार से कोई भी वर्ग खुश नहीं था। फिर भाजपा को किसने वोट दिए जबकि कांग्रेस का इन चुनावों में मत प्रतिशत 13 प्रतिशत बढ़ा है।
ईवीएम की जगह बैलेट पेपर पर करवाए जाएं चुनाव
पवन ठाकुर ने कहा कि ईवीएम में गडबड़ी कर भाजपा चुनाव जीती है, कांग्रेस मांग करती है कि ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव करवाए जाएं।वहीं इस मौके पर प्रदेश महासचिव पवन ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को घेरते हुए कहा कि पूर्व सीएम अगर अपने आप को सच में हिमाचल का हितैषी मानते हैं तो केंद्र से प्रदेश के हकों की आवाज उठाएं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आज केंद्र सरकार हिमाचल की कांग्रेस सरकार के साथ भेदभाव कर रही है। यहां तक की आपदा में भी केंद्र सरकार ने हिमाचल की मदद तक नहीं की, जबकि पड़ोसी राज्य उतराखंड की स्पेशल राहत पैकेज दिया। इसके अलावा आज दिनतक कोई भी स्पेशल ग्रांट केंद्र ने हिमाचल को नहीं दी, उल्टा हिमाचल का जीएसटी का पैसा भी दबा लिया है।
