Kullu,Manminder:हिमाचल प्रदेश का प्रमुख हिल स्टेशन कुल्लू-मनाली एक बार फिर सैलानियों से गुलजार हो गया है। जून के पहले सप्ताह में यहां पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।देशभर से लोग भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए मनाली की ठंडी वादियों का रुख कर रहे हैं।पिछले तीन दिनों में यहां 60,000 से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं।
मनाली की मॉल रोड,अटल टनल,सोलंगनाला, रोहतांग दर्रा, और लाहौल के सिस्सू जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी चहल-पहल देखी जा रही है। सोलंगनाला में एडवेंचर स्पोर्ट्स का रोमांच और रोहतांग की बर्फ से ढकी चोटियां सैलानियों को खासा लुभा रही हैं।जहां देश के मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, वहीं मनाली में दिन का तापमान 25°C और शाम को 15°C के आसपास बना हुआ है, जिससे पर्यटक राहत महसूस कर रहे हैं।बीते तीन दिनों में यहां 8,000 से अधिक वाहन पहुंचे हैं, जिससे ट्रैफिक और होटल बुकिंग में भी भारी इजाफा हुआ है।अहमदाबाद से आए पर्यटक नीलेश और समीर ने बताया कि उन्होंने तीन महीने पहले मनाली यात्रा की योजना बनाई थी।यहां आकर उन्हें न केवल मानसिक शांति मिली, बल्कि प्रकृति की सुंदरता का भी अद्भुत अनुभव हुआ।
होटल उद्योग में भी लौटी रौनक
होटलियर एसोसिएशन मनाली के उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर के अनुसार,इस समय मनाली के होटलों में 80 से 90 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है।उन्होंने बताया कि मई का पर्यटन सीज़न अपेक्षाकृत धीमा रहा,लेकिन जून की शुरुआत में ही 1 लाख से अधिक पर्यटकों की आमद हो चुकी है। आगामी वीकेंड में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है।
