धर्मशाला, राहुल -:हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी धर्मशाला और मैक्लोडगंज इन दिनों पर्यटकों से गुलजार हैं, लेकिन मौसम ने इस बार सैलानियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। देश के विभिन्न राज्यों से ठंडी वादियों का आनंद लेने पहुंचे पर्यटकों को यहां भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। तापमान लगातार बढ़ने से पर्यटक राहत के बजाय उमस और गर्म हवाओं से परेशान नजर आ रहे हैं।
गुजरात, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ से पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि उन्होंने धर्मशाला और मैक्लोडगंज को ठंडे मौसम के लिए चुना था, लेकिन यहां का तापमान भी 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। कई पर्यटकों ने कहा कि शिमला और मनाली की तुलना में धर्मशाला अब ज्यादा गर्म महसूस होने लगा है।वहीं पर्यटन सीजन पूरे उफान पर है। होटल कारोबारियों के अनुसार मैक्लोडगंज में होटल ऑक्यूपेंसी करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा 26 मई को एचपीसीए स्टेडियम में होने वाले आईपीएल फर्स्ट क्वालीफायर मैच के चलते होटल बुकिंग में और तेजी आने की उम्मीद है।कारोबारियों का मानना है कि मैच के दौरान ऑक्यूपेंसी 90 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।हालांकि पर्यटकों को एक और बड़ी परेशानी धर्मशाला से मैक्लोडगंज जाने वाली खराब सड़क से हो रही है।वाहन चालकों का कहना है कि सड़क पर पड़े गड्ढों के कारण वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है और सफर असुविधाजनक बन गया है।
उधर तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा की मौजूदगी के चलते भी मैक्लोडगंज में श्रद्धालुओं और विदेशी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी हुई है। मई और जून के पर्यटन सीजन में बढ़ती भीड़ से पर्यटन कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
