मंडी : धर्मवीर ( TSN)-पूरे देश भर में आज कारगिल विजय दिवस की धूम देखने को मिली वहीं मंडी में भी इस मौके पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मंडी जिला से कारगिल वॉर में शहीद हुए तेरह रणबांकुरों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और इन सैनिकों के बलिदान को याद किया गया। इस मौके पर मंडी शहर के इंदिरा मार्केट स्थित शहीद स्मारक पर जिला प्रशासन, पूर्व सैनिकों व शहीदों की वीर नारियों व परिवार के जनों ने अपनों की कुर्बानी को याद किया।
कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर जिला प्रशासन के द्वारा शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने सभी शहीदों को नमन किया और उनके बलिदान को याद करते हुए कहा कि हमें ऐसे वीर सैनिकों पर गर्व है जिन्होंने देश व देशवासियों के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। वहीं समारोह के दौरान उपस्थित वीर नारियों को सम्मानित भी किया गया। पूर्व सैनिकों ने भी इस समारोह के आयोजन के लिए सभी को बधाई दी।
कुछ परिवारों का मलाल, अभी तक नहीं पूरे हुए सरकार के वादे
वहीं समारोह के दौरान अपनों को याद करके वीर नारियों की आंखें नम भी हुई। इसके साथ ही सरकारों के द्वारा शहीदों के लिए की गई घोषणाओं का पूरा न होना भी इन्हें और दुख देता है। मंडी के बल्ह से शहीद हुए तेज राम मस्ताना की पत्नी की मानें तो उस समय उनके पति के नाम पर बल्ह में एक सुंदर खेल स्टेडियम बनाने का वादा किया गया। लेकिन समय बीतता गया और आज आलम यह है कि उन्हें अपने शहीद पति का स्टेच्यू भी खुद बनवाना पड़ा और उसे स्थापित करने का स्थान भी अपने घर के आंगन में देना पड़ रहा है। इन्होंने सरकार से मांग उठाई है कि इस प्रकार शहीदों का अपमान न किया जाए।
