करनाल:शादी का रिश्ता,परिवारों की सहमति और विवाह की तारीख तय होने के बाद शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक आरोपों तक पहुंच गया है।करनाल के बुढ़ाखेड़ा गांव में एक युवती के परिवार ने होने वाले ससुराल पक्ष पर दहेज में 11 लाख रुपये नकद और कार मांगने का आरोप लगाया है।परिवार का दावा है कि मांग पूरी करने से इनकार करने पर उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं।इतना ही नहीं,शिकायतकर्ता परिवार ने 25 गोलियां चलवाने और परिवार के 25 सदस्यों को निशाना बनाने की धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दहेज की मांग के विरोध पर मिली जान से मारने की धमकी
पीड़ित परिवार के सदस्य दिनेश ने बताया कि 16 नवंबर को संजय नाम के व्यक्ति का फोन आया था।आरोप है कि बातचीत के दौरान उसने धमकी देते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई करवाई गई तो 25 गोलियां चलवाई जाएंगी और परिवार के 25 लोगों को निशाना बनाया जाएगा।इस कथित धमकी के बाद से परिवार में डर का माहौल बना हुआ है।दिनेश के अनुसार,17 नवंबर को मॉडल टाउन पुलिस चौकी में शिकायत दी गई थी। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद भी उन्हें धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
सगाई के बाद रखी गई 11 लाख रुपये और कार की मांग
पीड़ित युवती के अनुसार,शुरुआत में रिश्ता तय करते समय लड़के वालों की ओर से किसी प्रकार की मांग नहीं रखी गई थी।दोनों परिवारों की सहमति से सगाई हुई और 2 दिसंबर को शादी की तारीख निर्धारित की गई थी।युवती का आरोप है कि रिश्ता पक्का होने के बाद अचानक 11 लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन की मांग की जाने लगी।परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी रकम और गाड़ी देने में असमर्थता जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।युवती का कहना है कि अब उसे और उसके परिवार को धमकियों के जरिए दबाव में लाने की कोशिश की जा रही है।
2 दिसंबर की शादी से पहले सामने आई दूसरी शादी की जानकारी
मामले में युवती ने बताया कि उसे जानकारी मिली है कि 27 नवंबर को लड़के की दूसरी शादी तय की गई है,जबकि उसके साथ 2 दिसंबर को विवाह होना निर्धारित था। इस जानकारी के बाद युवती और उसके परिवार की चिंता और बढ़ गई है।युवती ने आरोप लगाया कि संजय उसके घर आकर भी धमकियां देता है और पुलिस कार्रवाई होने पर गोली चलवाने की बात कहता है।उसने बताया कि उसके पिता का निधन 11 दिसंबर 2025 को हो गया था और अब उसके चाचा परिवार की ओर से शादी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
परिवार पहले ही झेल चुका है अपनों को खोने का दर्द
पीड़ित परिवार की बुजुर्ग महिला ने बताया कि जब रिश्ता तय हुआ था,उस समय लड़के वालों ने किसी तरह की मांग नहीं की थी।बाद में 11 लाख रुपये और चार पहिया गाड़ी की मांग रख दी गई।महिला के अनुसार,परिवार पहले ही कई दुखद घटनाओं से गुजर चुका है।वर्ष 2019 में उनके बेटे और वर्ष 2025 में परिवार के एक अन्य सदस्य का निधन हो चुका है।ऐसे में बेटी की शादी की तैयारियों के बीच धमकियां मिलने से पूरा परिवार मानसिक तनाव में है।बुजुर्ग महिला ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी बेटी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा मामले में निष्पक्ष कार्रवाई हो।
दोनों परिवारों में पहले से रिश्तेदारी,सरकारी सेवाओं से भी जुड़े सदस्य
युवती ने आरोप लगाया कि लड़के पक्ष के राहुल के नेवी में और उसके भाई संजय के आर्मी में होने की जानकारी है।वहीं पुलिस के मुताबिक,दोनों परिवारों के बीच पहले से रिश्तेदारी और पारिवारिक संबंध हैं।पुलिस ने बताया कि युवती की दोनों सगी बहनों की शादी भी आरोपी पक्ष के भाइयों के साथ हुई है। इसी पारिवारिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
मुकदमा दर्ज,कॉल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच जारी
मामले को लेकर एएसपी रविंदर ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।दोनों परिवारों के बीच पहले से रिश्तेदारी रही है और लड़का-लड़की की सगाई भी हुई थी।पुलिस दहेज की कथित मांग और जान से मारने की धमकियों से जुड़े आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है। मामले में तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार की मांग- जल्द मिले सुरक्षा,आरोपियों पर हो कड़ी कार्रवाई
फिलहाल पीड़ित युवती और उसका परिवार पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने, धमकियों पर रोक लगाने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग कर रहा है।परिवार का कहना है कि शादी जैसे खुशियों के मौके पर उन्हें अपनी बेटी के भविष्य से ज्यादा परिवार की जान की चिंता सताने लगी है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि कथित दहेज मांग और 25 लोगों को निशाना बनाने की धमकी के मामले में जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है।
